ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की नई पहल, समाज को मिलेगी दिशा

जमशेदपुर के पोटका प्रखंड अंतर्गत शंकरदा गांव में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जेवियर इंग्लिश स्कू ल की नई शाखा का भव्य उद्घाटन किया गया। यह विद्यालय आर जे वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडे शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “समाज का समग्र विकास केवल शिक्षा के माध्यम से ही संभव है।” उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।

अतिथियों ने सराहा प्रयास, ग्रामीणों से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य हीरामई दास उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का प्रसार अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में जेवियर इंग्लिश स्कूल की पहल सराहनीय है।

वहीं, महिला इंटक की राष्ट्रीय अध्यक्ष देविका सिंह ने विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए स्थानीय ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस स्कूल से जोड़कर शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल करें।

विद्यालय प्रबंधन और आयोजन टीम की सक्रिय भूमिका
समारोह की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसे विद्यालय के सचिव रमन झा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन रमेश अग्निहोत्री ने किया। विद्यालय की प्राचार्या अंकिता तिवारी ने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अंत में विद्यालय समिति के अध्यक्ष सुभाष उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें मुखिया अनीता मुर्मू, पूर्व जिला परिषद सदस्य करुणामय मंडल, विद्यालय समिति की अध्यक्ष पूनम झा, कोषाध्यक्ष जगमोहन दुबे, टीएसपीडीएल यूनियन के अनीश झा, रंजन मिश्रा, टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर रविंद्र सिंह चौहान, सुमन कुमारी, हिमांशु भारद्वाज, आकांक्षा दुबे, ग्राम प्रधान विनय कृष्ण दास, राधा वल्लभ मंडल, समीर गोप, प्रसन्न भकत, लखन दास, गणेश भकत, कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार, रोहन झा, रौशन झा, दिलीप झा, रंजीत झा और संदीप झा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक शामिल हुए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बढ़ाई समारोह की शोभा
उद्घाटन समारोह के दौरान छात्राओं ने स्वागत नृत्य और स्वागत गान प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।




