
छोटा गोविंदपुर दक्षिण मध्य पंचायत के प्रतिभा केंद्र मैदान का मामला, युवाओं में नाराजगी
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले अंतर्गत छोटा गोविंदपुर दक्षिण मध्य पंचायत में प्रस्तावित ओपन जिम का निर्माण कार्य शिलान्यास के करीब 18 महीने बाद भी शुरू नहीं हो सका है। प्रतिभा केंद्र मैदान में बनने वाले इस ओपन जिम को लेकर स्थानीय युवाओं में शुरुआत में काफी उत्साह था, लेकिन अब काम शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा और नाराजगी बढ़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओपन जिम बनने से क्षेत्र के युवाओं को सुबह और शाम व्यायाम की बेहतर सुविधा मिलती, लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी मैदान में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

7 नवंबर 2024 में हुआ था शिलान्यास
जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2024 को ओपन जिम निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया था। शिलान्यास पट्ट पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक मंगल कालिंदी, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज और स्थानीय जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष कुमार का नाम अंकित है।
यह योजना झारखंड सरकार द्वारा 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत की गई थी। हालांकि शिलान्यास पट्ट पर योजना की लागत और कार्य प्रारंभ एवं समाप्ति की तिथि का उल्लेख नहीं किया गया है।

मेरी महत्वाकांक्षी योजना, ठेकेदार चयन के बावजूद शुरू नहीं हुआ काम : डॉ परितोष
इस संबंध में पूछे जाने पर जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष कुमार ने बताया कि यह उनकी महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार का चयन कर कार्य आवंटित भी किया जा चुका था।
उन्होंने बताया कि बावजूद इसके संबंधित ठेकेदार ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। इस मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है और विभागीय स्तर पर लगातार संपर्क किया जा रहा है।
“ओपन जिम बनने से युवाओं को मिलेगा लाभ : रमाकांत गिरि
प्रतिभा केंद्र के अध्यक्ष रमाकांत गिरी ने कहा कि क्षेत्र में ओपन जिम बनने से युवाओं और स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष कुमार के संपर्क में हैं, ताकि जल्द से जल्द योजना को धरातल पर उतारा जा सके।



