
इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
जमशेदपुर : दसवीं मोहर्रम यानी योमे आशूरा के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में टेलको स्थित खड़ंगाझाड़ चौक पर मोहर्रम लंगर कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धा और सम्मान के साथ लंगर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक और धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया तथा समाज में अमन, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

हिदायतुल्ला खान और राजू गिरी ने दिया शांति का संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान तथा झारखंड गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन का बलिदान सत्य, न्याय, मानवता और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से सभी धार्मिक और सामाजिक पर्वों को आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
प्रशासन और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में टेलको थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद भी मौजूद रहे। उनके साथ केंद्रीय शांति समिति के सदस्य रियाजुद्दीन खान, नंदलाल सिंह, ओम प्रकाश उपाध्याय, रामबाबू सिंह, आमिर सोहेल, पी.के. दास, शाहिद परवेज, संजय तिवारी, आमिर अली अंसारी, फैज खान, समीम खान, अनिल प्रकाश, महेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
सभी वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और परस्पर सम्मान ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने लोगों से हर पर्व और त्योहार को शांति, भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ मनाने का आह्वान किया।

श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच वितरित किया गया मोहर्रम का लंगर
कार्यक्रम के समापन पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और राहगीरों के बीच मोहर्रम का लंगर वितरित किया गया। लोगों ने श्रद्धापूर्वक लंगर ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा तथा समाज में एकता, सद्भाव और शांति का संदेश प्रमुखता से दिया गया।





