
अक्टूबर 2023 से लंबित है वेतन समझौता
सात वर्षों के लिए होगा समझौता
जमशेदपुर : टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीएसडीपीएल) के कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। करीब 33 माह से लंबित ग्रेड रिवीजन समझौते पर सहमति बनने और हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो अक्टूबर 2023 से लंबित वेतन समझौते पर हस्ताक्षर हो जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई वार्ता सकारात्मक रही, जिसमें अधिकांश महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बन गई। अब समझौते को अंतिम रूप देने के लिए कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) जगजीत सिंह मंगलवार को जमशेदपुर पहुंच रहे हैं।


एमडी जगजीत और राकेश्वर की मौजूदगी में होगा समझौता
जानकारी के अनुसार, समझौते के दौरान प्रबंध निदेशक जगजीत सिंह, कंपनी के सीईओ करण लखानी, यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय सहित प्रबंधन और यूनियन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बताया जा रहा है कि वार्ता के सभी प्रमुख मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल औपचारिक हस्ताक्षर की प्रक्रिया शेष है।
सात वर्षों तक लागू रहेगा नया वेतन समझौता
सूत्रों के मुताबिक, नया ग्रेड रिवीजन समझौता अगले सात वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इससे कंपनी में कार्यरत लगभग 550 कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
कर्मचारियों में चर्चा है कि पिछले ग्रेड रिवीजन के अनुरूप बढ़ोतरी हो सकेगी या नहीं। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले बार छह वर्ष के लिए समझौते में जितना बढ़ोतरी होती है उससे ज्यादा लाभ मिलना चाहिए क्योंकि ग्रेड की समय सीमा छह वर्ष से बढ़ाकर सात वर्ष किया जा रहा है।
‘स्टेजवाइज पेमेंट’ (स्टेकर)मॉडल
इस बार प्रबंधन वेतन वृद्धि के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, ‘स्टेजवाइज पेमेंट’ यानी किस्तों में वेतन वृद्धि का मॉडल अपनाया जा सकता है।
इस व्यवस्था के तहत कर्मचारियों के वेतन में पूरी बढ़ोतरी एक साथ नहीं होगी, बल्कि प्रत्येक वर्ष चरणबद्ध तरीके से वेतन में वृद्धि की जाएगी। माना जा रहा है कि इससे कंपनी और कर्मचारियों, दोनों के हितों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।
एचआरए, नाइट शिफ्ट अलाउंस और अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की संभावना
वेतन वृद्धि के अलावा प्रस्तावित समझौते में हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए), रात्रि पाली भत्ता (नाइट शिफ्ट अलाउंस), वार्षिक इंक्रीमेंट तथा अन्य सेवा-संबंधी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी का प्रावधान शामिल होने की चर्चा है।
हालांकि न्यू सीरीज और ईएसएस श्रेणी के कर्मचारियों को इन लाभों का सीमित फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में अंतिम स्थिति समझौते पर हस्ताक्षर के बाद ही स्पष्ट होगी।






