
वीर कुंवर सिंह स्टेडियम और विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे, छात्रों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
सरदार वल्लभ भाई पटेल स्कूल के बच्चों की पहल
जमशेदपुर : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छोटा गोविंदपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने गोविंदपुर के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
प्राचार्या सरिता मैडम की देखरेख में हुआ कार्यक्रम
पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या सरिता मैडम की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सकता है।

विद्यालय परिसर में भी चलाया गया पौधारोपण अभियान
प्राचार्या ने बताया कि केवल वीर कुंवर सिंह स्टेडियम ही नहीं, बल्कि विद्यालय परिसर में भी पौधारोपण अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर परिसर को अधिक हराभरा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों को पौधों की नियमित देखभाल, जल संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हुए विद्यार्थी
कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधे लगाए और भविष्य में उनकी देखभाल करने का भी संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की ओर से कहा गया कि आने वाले समय में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नई पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक संवेदनशील और जिम्मेदार बन सके।





