
परिसदन में कांग्रेस नेताओं ने अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर किया सम्मान
जमशेदपुर : झारखंड सरकार के पूर्व श्रम मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. एन. त्रिपाठी शनिवार को अपने निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्वी सिंहभूम के तुरामडीह पहुंचे। जमशेदपुर आगमन पर शहर के परिसदन (सर्किट हाउस) में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष उपाध्याय, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आर. के. सिंह, यूनियन अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद, इंटक नेता कामेश्वर पाण्डेय, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव अरविन्द साहु, कांग्रेस भारत यात्री अमरजीत नाथ मिश्रा, नरेश गौरा, संदीप झा, जितेन्द्र सिंह, नितेश कुमार, बरुण सिंह, महेंद्र यादव सहित दर्जनों कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

राज्य और जिले के राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
स्वागत समारोह के दौरान राज्य और पूर्वी सिंहभूम जिले से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने संगठन की मजबूती, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर कांग्रेस संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनहित के मुद्दों पर मुखर बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
नशाखोरी और कानून व्यवस्था पर बोले के. एन. त्रिपाठी
मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी ने जमशेदपुर में बढ़ती नशाखोरी और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से शांति, सौहार्द और अमन-चैन का शहर रहा है। शहर की सामाजिक संस्कृति और भाईचारे को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज में नशे का बढ़ता प्रभाव युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में प्रशासन, समाज और सभी राजनीतिक दलों को मिलकर इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया ताकि शहर की शांतिपूर्ण पहचान बरकरार रह सके।
सड़क मार्ग से रांची के लिए हुए रवाना
अपने निजी कार्यक्रम और कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद पूर्व श्रम मंत्री के. एन. त्रिपाठी देर शाम सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और नेताओं ने इसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मुलाकात बताया।




