जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने दी प्रेस वार्ता में जानकारी
186 क्रिटिकल बूथों पर विशेष निगरानी, 3.30 करोड़ रुपए जब्त — सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा।
इस दौरान कुल 300 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
प्रेस वार्ता में उपायुक्त के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे भी मौजूद थे।
दोनों अधिकारियों ने चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी।
186 बूथ ‘क्रिटिकल’, होगी विशेष निगरानी
निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि 300 बूथों में से 186 बूथों को क्रिटिकल (संवेदनशील) के रूप में चिह्नित किया गया है।
इन बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त बल, सीसीटीवी कैमरे और माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की जा रही है ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में हो सके।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम — अवैध हथियार और नकदी जब्त
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू किया गया है।
अब तक की कार्रवाई में —
52 लोगों को जिला बदर किया गया,
19 अवैध हथियार बरामद किए गए,
वाहन चेकिंग के दौरान 3 करोड़ 30 लाख रुपए जब्त किए गए हैं।
एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में चेक पोस्ट और नाकाबंदी की व्यवस्था की गई है।
हर संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रखी जा रही है।
कल्याण मंडप, मैरिज हॉल और अतिथि गृहों पर भी निगरानी
निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान से 48 घंटे पूर्व सभी कल्याण मंडप, मैरिज हॉल और अतिथि गृहों में सघन जांच और निगरानी की जाएगी।
यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन स्थलों का उपयोग राजनीतिक दलों या अभ्यर्थियों द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए न किया जाए।



