
जमशेदपुर के दिनेश कुमार की रणनीतिक भूमिका से मजबूत हुआ संगठन
जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की इंदस विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर राजनीतिक पकड़ को मजबूत किया है। भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमार धारा एक बार फिर विधायक निर्वाचित हुए हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
इस जीत के पीछे संगठनात्मक रणनीति और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
प्रभारी के रूप में दिनेश कुमार ने निभाई अहम जिम्मेदारी
जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका रही। पश्चिम बंगाल भाजपा ने उन्हें लगातार दूसरी बार इंदस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया था।
इस जिम्मेदारी के तहत दिनेश कुमार कई महीनों तक इंदस क्षेत्र में डटे रहे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने में अहम योगदान दिया।
“संगठन की मजबूती और रणनीति की जीत”
जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए दिनेश कुमार ने इंदस विधानसभा के मतदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रभावी जनसंपर्क अभियान का परिणाम है।
उन्होंने इंदस की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से निर्मल कुमार धारा को इस जीत के लिए बधाई दी। साथ ही विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित होंगे।





