
मिलानी हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा रक्तदान अभियान, कई संस्थाएं संयुक्त रूप से कर रही हैं आयोजन

जमशेदपुर : शहर में रक्त की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए आज शनिवार, 14 जून को बिष्टुपुर स्थित मिलनी हॉल में एक विशाल मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह सामाजिक सरोकार से जुड़ा विशेष आयोजन प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर, प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन, द मिलनी, टाटा स्टील फाउंडेशन एवं ग्रामीण बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
आयोजकों ने जमशेदपुर के सभी जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों से इस महाअभियान में शामिल होकर रक्तदान करने और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में सहयोग देने की अपील की है।
सुबह 9 बजे से शुरू होगा रक्तदान शिविर
आयोजकों के अनुसार रक्तदान शिविर का संचालन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन समारोह सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें शहर की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
रक्तदान से बचाई जा सकती हैं अनगिनत जिंदगियां
रक्तदान को महादान कहा जाता है क्योंकि यह ऐसा दान है जो सीधे किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। शहर के अस्पतालों में प्रतिदिन दुर्घटना पीड़ितों, ऑपरेशन के मरीजों, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, कैंसर रोगियों तथा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है।
विशेष रूप से गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त का भंडार कम हो जाने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए जीवनदायी भूमिका निभाते हैं।
सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर
आयोजकों ने कहा कि जब भी किसी परिवार पर संकट आता है और रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब ब्लड बैंक एवं रक्तदाता मदद के लिए आगे आते हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक का भी यह नैतिक दायित्व है कि वह समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की इस सेवा में योगदान दे।
रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचा सकता है, बल्कि इससे समाज में परस्पर सहयोग और संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है।
अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील
आयोजन समिति ने शहरवासियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं से बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का एक यूनिट रक्त किसी अज्ञात व्यक्ति के लिए जीवन का संबल बन सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग एकजुट होकर इस अभियान में भाग लें, तो रक्त की कमी से जूझ रहे अनेक मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
रक्तदान ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा
रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। ऐसे शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को नई जिंदगी देने का माध्यम भी बनते हैं।
आयोजकों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस मेगा रक्तदान शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाएं।






