
ग्रेड रिवीजन और मैनपावर बढ़ाने की उठी मांग
जमशेदपुर : टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति की बैठक यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में श्रमिक हितों, ग्रेड रिवीजन, मैनपावर की कमी और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत झारखंड इंटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, बेरमो के पूर्व विधायक सह मंत्री राष्ट्रीय इंटक के पूर्व महासचिव स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए।

“राजेंद्र प्रसाद सिंह श्रमिक अधिकारों की मजबूत आवाज थे”
बैठक में राकेश्वर पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह श्रमिक एकता और मजदूर अधिकारों के प्रतीक थे। उन्होंने अपने संघर्ष, नेतृत्व और समर्पण से मजदूर वर्ग को नई दिशा देने का काम किया। उनका योगदान श्रमिक आंदोलन में हमेशा याद रखा जाएगा।
इसके साथ ही टाटा टिनप्लेट यूनियन एजुकेशनल ट्रस्ट के ट्रस्टी जेम्स डेविस को भी श्रद्धांजलि दी गई।
यूनियन की आय-व्यय रिपोर्ट सर्वसम्मति से पारित
बैठक में यूनियन के आय-व्यय और सावधि खातों की जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
ग्रेड रिवीजन को लेकर कर्मचारियों ने उठाई बड़ी मांग
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन का रहा। कार्यकारिणी सदस्यों ने मांग की कि टाटा स्टील की तर्ज पर टिनप्लेट डिवीजन में भी सम्मानजनक ग्रेड लागू किया जाए। कर्मचारियों ने 20 हजार से 25 हजार रुपये तक ग्रेड स्लिप सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
सदस्यों ने कहा कि डीए पॉइंट, प्रमोशन, इंक्रीमेंट और अन्य सुविधाओं में भी टाटा स्टील के समान बढ़ोतरी होनी चाहिए।
कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर रखी गईं कई मांगें
बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों को उठाया गया, जिनमें प्रमुख रूप से:
सभी विभागों में मैनपावर की कमी दूर करने की मांग
कर्मचारी पुत्रों की भर्ती टाटा स्टील लिमिटेड टिनप्लेट डिवीजन के अंतर्गत करने की मांग
टिनप्लेट टाउनशिप में पानी और बिजली की समस्याओं का समाधान
नाइट शिफ्ट अलाउंस और इंसेंटिव बोनस में बढ़ोतरी
कंपनी क्वार्टरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
टिनप्लेट अस्पताल में कैंटीन सुविधा शुरू करने की मांग
अस्पताल और सिक्योरिटी विभाग के कर्मचारियों को जल्द यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की मांग
प्लांट में कर्मचारियों की कमी के कारण छुट्टी और कैंटीन सुविधा प्रभावित होने पर चिंता व्यक्त की गई
लंबे समय से एक ही विभाग में कार्यरत अधिकारियों के तबादले की मांग भी उठाई गई

कार्यकारिणी सदस्य पी. रविशंकर को दी गई विदाई
बैठक के अंत में अवकाश प्राप्त कर रहे कार्यकारिणी सदस्य पी. रविशंकर को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। यूनियन पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईं बाबू राजू, वाइस प्रेसिडेंट जगजीत सिंह सहित यूनियन के कई पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।





