
जेएनएसी की पहल पर 500 डस्टबिन का वितरण, घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता का दिया संदेश
जमशेदपुर : स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। गुरुवार को बारीडीह क्षेत्र के बागुनहातु में जागरूकता सह डस्टबिन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों के बीच 500 डस्टबिन वितरित किए गए। यह अभियान जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा संचालित किया गया, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया।
घर-घर पहुंचीं विधायक, लोगों को कचरा पृथक्करण का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू स्वयं घर-घर पहुंचीं और लोगों को दो-दो डस्टबिन वितरित किए। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि घरेलू कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करना स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों से निकलने वाले सूखे कचरे को नीले डस्टबिन तथा गीले कचरे को हरे डस्टबिन में अलग-अलग एकत्रित करें। इससे कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन में सुविधा होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

हर घर से होगा कचरे का संग्रहण
विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि जमशेदपुर अक्षेस द्वारा प्रतिदिन कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से घर-घर से कचरा उठाव किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा दें और सड़कों, नालियों, खाली भूखंडों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। जब तक आम लोग इस अभियान से नहीं जुड़ेंगे, तब तक स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को पूरी तरह हासिल नहीं किया जा सकता।
पूर्वी विधानसभा के अन्य इलाकों में भी चलेगा अभियान
विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि बागुनहातु में शुरू किया गया यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में घर-घर जाकर डस्टबिन वितरण के साथ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को कचरा पृथक्करण और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाया जा सके।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, पूर्व मंडल अध्यक्ष जीवन साहू, कंचन दत्ता, पंकज प्रिय, राजेश रजक, मीरा झा, देबाशीष दत्ता, ओम पोद्दार, मनोज तिवारी, सतीश कुमार, विजय साहू, नीलम देवी, मिनी सिंह, प्रमिला साहू, रौशन झा, राकेश साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में पहल
बागुनहातु में आयोजित यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए स्वच्छता बनाए रखने और कचरे के पृथक्करण में सहयोग करने का संकल्प लिया।






