
एनडीए प्रत्याशी संध्या सिंह के समर्थन में दो भव्य पदयात्राएं, विकास और परिवारवाद बना मुख्य मुद्दा

जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव में सोमवार को राजनीतिक सरगर्मी उस समय तेज हो गई, जब सरयू राय ने एनडीए समर्थित महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह के समर्थन में क्षेत्र में दो भव्य पदयात्राओं का नेतृत्व किया। इन पदयात्राओं में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखी गई, जिसे एनडीए खेमे ने बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया।
पहली पदयात्रा दाईगुट्टू बड़ा हनुमान मंदिर के समीप से प्रारंभ हुई, जबकि दूसरी पदयात्रा हीरा होटल के पास से निकाली गई। दोनों यात्राओं में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

दुकानदारों से संवाद, विकास को बनाया मुख्य एजेंडा
पदयात्रा के दौरान सरयू राय ने न्यू पुरुलिया रोड स्थित दुकानों पर जाकर व्यापारियों से मुलाकात की और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मानगो का संतुलित और समग्र विकास तभी संभव है, जब व्यापार, रोजगार और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को समान प्राथमिकता दी जाए।
इसके बाद उन्होंने दाईगुट्टू, दीपासाही कॉलोनी, पोस्ट ऑफिस रोड और गौड़ बस्ती समेत कई मोहल्लों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
“मेयर का चुनाव होगा, मेयर पति का नहीं” – सरयू राय
सभा को संबोधित करते हुए सरयू राय ने तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि मानगो की जनता इस बार “मेयर” चुनेगी, “मेयर पति” नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी को आगे कर स्वयं सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा,
“कोई कभी सांसद बनना चाहता है, कभी विधायक, मंत्री और अब मेयर बनने की महत्वाकांक्षा रखता है। लेकिन जनता अब घिसे-पिटे चेहरों को नहीं, बल्कि नए, योग्य और सक्षम नेतृत्व को मौका देने का मन बना चुकी है।”
उन्होंने नई पीढ़ी को अवसर देने की बात दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र में परिवारवाद की राजनीति की जगह अब स्वतंत्र और ईमानदार नेतृत्व को मिलनी चाहिए।
राष्ट्रवाद बनाम विरोध की राजनीति पर भी बोला हमला
सरयू राय ने चुनाव को वैचारिक लड़ाई बताते हुए कहा कि एक ओर वे शक्तियां हैं जो ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करती हैं और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना चाहती हैं, जबकि दूसरी ओर वे लोग हैं जो इसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम का यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं, बल्कि विचारधारा की लड़ाई भी है।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे एनडीए कार्यकर्ता
इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह के साथ जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, अजय कुमार, भाजपा नेता नीरज सिंह, पप्पू सिंह, जदयू युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, राजीव कुमार सिंह, संतोष भगत, नवीन गौड़, अशोक गौड़, राजू सिंह और राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित सैकड़ों भाजपा और जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एनडीए नेताओं का दावा है कि मानगो में उनके पक्ष में माहौल तेजी से बन रहा है और यह समर्थन मतदान के दिन निर्णायक परिणाम में बदल सकता है।





