
मजदूर दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं और नागरिकों ने दिखाई जागरूकता, लंबी कतारों ने बढ़ाया हौसला
जमशेदपुर : विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब शीला मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस सामाजिक कार्यक्रम में शहर के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतारें इस बात का संकेत दे रही थीं कि समाज में सेवा भाव और जागरूकता लगातार मजबूत हो रही है। शिविर में मौजूद मेडिकल टीम की देखरेख में सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न की गईं।
गण मान्य लोग रहे उपस्थित
रक्तदान शिविर में विद्यायक मंगल कालिंदी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, टिमकेन यूनियन के अध्यक्ष आस्तिक महतो, सचिव रविन्द्र प्रसाद, जिला परिषद सदस्य डॉ परितोष सिंह, राकेश तिवारी, चिन्ना राव, भारतीय जनसेवक परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष सुभाष उपाध्याय, कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार, डॉ रामनरेश राय समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

“मजदूर दिवस जिम्मेदारी निभाने का भी दिन” – विजय यादव
फाउंडेशन के संरक्षक विजय यादव ने इस मौके पर कहा कि मजदूर दिवस केवल श्रमिकों के संघर्ष और अधिकारों को याद करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह दिन समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर देता है। इसी सोच के साथ इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। इससे पहले शीला मेमोरियल फाउंडेशन की तरफ से गोविंदपुर में मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाया गया था।

रक्तदाताओं का सम्मान, भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि समाज में सहयोग और सेवा की भावना को और मजबूत किया जा सके।
यह आयोजन न केवल मजदूर दिवस को सार्थक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर समाज में बड़े बदलाव ला सकते हैं।





