पारंपरिक फगुआ गीतों पर झूमे श्रद्धालु, राम नाम से गूंज उठा परिसर
जमशेदपुर : श्री श्री राम मंदिर, टेल्को कॉलोनी का प्राण प्रतिष्ठा दिवस प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर समिति के तत्वावधान में यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
24 घंटे का अखंड रामायण पाठ, संकीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के प्रथम दिन 22 जनवरी 2026 से जमशेदपुर की विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा चौबीस घंटे का अखंड संपूर्ण रामायण पाठ प्रारंभ किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर राम नाम संकीर्तन और रामायण चौपाइयों से गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

बसंत पंचमी पर महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ पूर्णाहुति
दूसरे दिन 23 जनवरी 2026, यानी बसंत पंचमी के पावन दिन, संपूर्ण रामायण पाठ के समापन के पश्चात महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण कर अनुष्ठान की विधिवत पूर्णाहुति संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्या की देवी माँ सरस्वती के चरणों में अबीर-गुलाल अर्पित किया गया, जिसके बाद संध्या काल में फगुआ गायन का शुभारंभ हुआ।
फगुआ गीतों पर झूमे श्रद्धालु, भक्तिरस में डूबा मंदिर परिसर
रामायण मंडली द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक फगुआ गीतों ने पूरे माहौल को फगुआमय बना दिया।
“बंगला में उड़े ला गुलाल आहे लाला”,
“बाबा हरिहर नाथ सोनपुर में होली खेले”,
“वीर हनुमान…”
जैसे एक से बढ़कर एक लोकधुनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति की अहम भूमिका
श्री श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा दिवस समारोह को सफल बनाने में मंदिर समिति के महामंत्री चन्द्रभान प्रसाद सिंह सहित पं. जीवानंद मिश्र, नरेंद्र सिंह (हैप्पी), कामेश्वर सिंह, नंदलाल सिंह, अरविंद प्रसाद, राजेश पाण्डेय, सरोज कुमार सिंह, मनंजय पाण्डेय, अभय पाण्डेय, विनय चौबे, विजय कुमार सिंह, जय शंकर दूबे, दीपक कुमार सिंह, पी. पी. सिंह, देवेश वर्मा एवं समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।





