मोनिका डे के निर्देशन में रांची की नृत्यशाला संस्थान ने किया राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन
भुवनेश्वर में आयोजित India International Dance Festival में प्रस्तुत की कथक की दुर्लभ बंदिशें
दर्शकों और निर्णायकों ने जमकर की सराहना
अंडर-20 और सीनियर ग्रुप दोनों में मिला मंच पर सफलता का मुकाम

जमशेदपुर : झारखंड की राजधानी रांची की प्रतिष्ठित संस्था नृत्यशाला नृत्य संस्थान ने एक बार फिर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस संस्था की निदेशक और अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथक नृत्यांगना मोनिका डे के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित दो दिवसीय India International Dance Festival में मंच पर धूम मचा दी।

अमोलिका नंदी की कथक प्रस्तुति ने मोहा मन
अंडर-20 कैटेगरी में मोनिका डे की शिष्या अमोलिका नंदी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने मंच पर शिव वंदना और उसके बाद रसराज त्रिवत् की बेमिसाल प्रस्तुति दी। उनकी तल और लय पर पकड़, भाव और मुद्राओं की सजीवता ने दर्शकों को दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट में पूरा सभागार गूंज उठा।


राग दरबारी तराना ने छेड़े भावनात्मक सुर
इसके बाद आराध्या चक्रवर्ती, आद्या अक्षिता, स्नेहल शर्मा, आलिया सिंह, आद्या विश्वकर्मा, दृष्टि सुकुल, सिद्धि झा और संभावना सिन्हा ने मिलकर राग दरबारी तराना की प्रस्तुति दी। यह प्रस्तुति हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और कथक नृत्य की अद्भुत संगम थी।
राग दरबारी कन्नड़ की जटिल रचनात्मकता, उसकी भावनात्मक गहराई और तेज गति की लय ने प्रस्तुति को चुनौतीपूर्ण और प्रभावशाली बनाया। प्रस्तुति के अंत तक पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

सीनियर ग्रुप की ‘केदार तराना’ प्रस्तुति रही अत्यंत प्रभावशाली
वरिष्ठ समूह की प्रस्तुति भी दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ गई। इस ग्रुप में शामिल अर्नवी सूर्यवंशी, देव्यांशी सिंह, शिविका साहू, आराध्या सिन्हा, अमोलिका नंदी, कुमारी ऋषिका पटेल, अनन्या साची, रितिका सिंह और सिमरन तिर्की ने राग केदार पर आधारित ‘केदार तराना’ प्रस्तुत किया।
राग केदार अपनी भक्ति भाव, शांति और गहराई के लिए जाना जाता है, और इसकी प्रस्तुतियों में साधक की साधना स्पष्ट झलकती है। इस प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को एक आध्यात्मिक यात्रा का अनुभव कराया।

आख़िर में फिर से चमकीं आध्या विश्वकर्मा
फेस्टिवल के अंतिम चरण में एक बार फिर मंच पर उतरीं आध्या विश्वकर्मा, जिन्होंने दरबारी तराना की प्रस्तुति देकर अंडर-20 कैटेगरी में दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी नृत्य-भंगिमाएं, भाव-प्रदर्शन और लयबद्धता ने माहौल को संगीतमय बना दिया।



