Jamshedpur : झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के तत्वावधान में मंगलवार को मानगो स्थित एसबीएम हिंदी हाई स्कूल परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड राज्य के निर्माता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। सभा में संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष और उनके झारखंड राज्य के प्रति अमूल्य योगदान को याद किया।
झारखंड के निर्माता को दी गई श्रद्धांजलि, राज्य के लिए था जीवन समर्पित
इस श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष मो. ताहिर हुसैन ने कहा कि, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन जब तक जीवित रहे, तब तक उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण और विकास के लिए अथक प्रयास किया। वह वास्तव में इस राज्य के जनक थे।”
संघ के उपाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा, “मानव जीवन यदि शिबू सोरेन जैसा हो जाए, तो यह समाज और राष्ट्र दोनों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड की जनता के हित में समर्पित कर दिया।”
महासचिव शिव प्रकाश शर्मा ने भावुक होते हुए कहा, “शिबू सोरेन का जीवन एक प्रेरणादायक गाथा है। जब संसाधनों की भारी कमी थी, तब उन्होंने अकेले झारखंडियों की आवाज को आंदोलन में बदला और अलग राज्य निर्माण का सपना साकार किया। उनके संघर्ष को शब्दों में पिरोना आसान नहीं है।”
शिबू सोरेन के विचारों व योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प
शोकसभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के विचारों और संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
ये थे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में मोहम्मद ताहिर हुसैन, मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव, शिव प्रकाश शर्मा, उदय शंकर पाठक, डी.के. ठाकुर, कन्हैया लाल, समी अहमद समेत कई शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और संघ के सदस्य मौजूद थे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।



