
सांसद विद्युत वरण महतो की मौजूदगी में हुआ शिलान्यास समारोह
इलेक्टेड बॉडी बनेगी तो आएगा ज्यादा फंड, विकास होगा तेज
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार को मानगो नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर विकास विभाग की मद से 6 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।
इस अवसर पर डोर-टू-डोर कचरा उठाव को सशक्त बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग की मद से 3 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 25 ऑटो टिपर गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मानगो नगर निगम बनने से बढ़ेगा फंड: सरयू राय
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि पहले मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) था, जहां नगर निगम की तुलना में कम फंड मिलता था।
उन्होंने बताया कि मानगो को नगर निगम बनाने के लिए उन्होंने पहल की, जिसमें कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का भरपूर सहयोग मिला। कई आंदोलनों के बाद मानगो अक्षेस को मानगो नगर निगम का दर्जा मिला।
सरयू राय ने कहा,
“अब जब यहां इलेक्टेड बॉडी बनेगी, तो ज्यादा फंड आएगा और मानगो का विकास और तेज गति से होगा।”

कई बड़ी योजनाएं सरकार के पास स्वीकृति के लिए लंबित
उन्होंने जानकारी दी कि कुछ बड़ी विकास योजनाएं सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं। स्वीकृति मिलते ही उन पर भी काम शुरू कर दिया जाएगा।
एनएच-33 पर बन रहे फ्लाईओवर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह भी जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग से हुए आंदोलनों का परिणाम है। एनएचएआई कार्यालय तक जाकर संघर्ष और मुकदमे के बाद इसकी मंजूरी मिली।


पेयजल, बिजली और आधारभूत सुविधाओं पर रहा फोकस
सरयू राय ने कहा कि शुरू से ही मानगो के नागरिकों को मूलभूत अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकता रही है।
पहले क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या थी, जिसे संघर्ष के बाद घर-घर जलापूर्ति की व्यवस्था शुरू कर दूर किया गया।
कुछ बस्तियों में अभी पानी नहीं पहुंच पा रहा है, लेकिन बालीगुमा जल टंकी शुरू होते ही अगले मई-जून से पहले हर घर में पर्याप्त पेयजल पहुंचने की उम्मीद है।
बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मानगो में सब-स्टेशन शुरू कराया गया और अलग कार्यपालक अभियंता कार्यालय खुलवाया गया, ताकि लोगों को करनडीह न जाना पड़े।

स्वच्छ और सुंदर मानगो प्राथमिकता में
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मानगो को स्वच्छ और सुंदर बनाना, सड़कों-गलियों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करना है।
उन्होंने कहा कि यदि डोर-टू-डोर कचरा उठाव सही तरीके से लागू हो जाए, तो मानगो की तुलना टाटा कमांड क्षेत्र से की जा सकेगी।

नागरिकों से सीधा संवाद का आह्वान
सरयू राय ने कहा कि मानगो को इस तरह विकसित किया जाएगा कि छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को साकची या बिष्टुपुर नहीं जाना पड़े।
उन्होंने किसी भी समस्या या सुझाव के लिए नागरिकों से व्हाट्सएप नंबर 8877537777 पर संपर्क करने का अनुरोध किया।





