जमशेदपुर में जदयू महिला मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता सरयू राय ने कहा है कि जदयू महिला मोर्चा को महिलाओं से जुड़े सामाजिक, पारिवारिक और प्रशासनिक मुद्दों को पूरी मजबूती और संवेदनशीलता के साथ उठाना होगा। महिलाओं के सरोकारों को प्राथमिकता देने से न केवल समाज सशक्त होगा, बल्कि पार्टी की जड़ें भी मजबूत होंगी।
बिष्टुपुर स्थित अपने आवास-सह-कार्यालय में जदयू महिला मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरयू राय ने यह बातें कहीं।
हर सप्ताह एक मुद्दे पर गंभीरता से काम करने की सलाह
सरयू राय ने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी यदि हर सप्ताह किसी एक महत्वपूर्ण महिला मुद्दे को चुनकर उस पर गंभीरता से काम करें, तो उसका सकारात्मक परिणाम अवश्य दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह सोशल मीडिया का युग है, जहां सही मुद्दे बहुत तेजी से जन-जन तक पहुंचते हैं।
उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे उन महिलाओं को पार्टी से जोड़ें, जिनकी सोच और विचारधारा उनसे मेल खाती हो। ऐसे लोग धीरे-धीरे पार्टी की वास्तविक ताकत बनते हैं।
राजनीति के साथ परिवार की जिम्मेदारी भी जरूरी
सरयू राय ने स्पष्ट किया कि राजनीति के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने की बाध्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बड़ा और गंभीर मुद्दा हो, तो उस पर विशेष समय देकर सघन प्रयास किया जा सकता है, लेकिन सबसे पहले परिवार और निजी जिम्मेदारियों का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस इलाके में महिला पदाधिकारी रहती हैं, वहां के लोग उन्हें पहचानें और यह जानें कि वे जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़ी हैं। आम लोगों को यह भरोसा होना चाहिए कि यदि वे अपनी बात महिला मोर्चा की पदाधिकारी से कहेंगे, तो वह बात संगठन और नेतृत्व तक पहुंचेगी।
महिला नेताओं ने संगठन को मजबूत करने पर रखे विचार
कार्यक्रम से पूर्व जदयू महिला मोर्चा की कोल्हान प्रभारी मंजू सिंह और जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा यादव ने भी अपने विचार साझा किए। दोनों नेताओं ने महिला संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता रहीं मौजूद
इस अवसर पर जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, पूर्वी सिंहभूम महिला मोर्चा अध्यक्ष अमृता मिश्रा, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा ममता सिंह, पुतुल सिंह, सपना टांडी, पूजा महानंद, सविता महानंद, रीना डे, जया, कविता मिश्रा, रिंकी, मलिका समेत दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।




