
एनएच-33 पर बन रहे ऊपरी पथ निर्माण को लेकर मौके पर पहुंचे विधायक
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को जनता से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पारडीह काली मंदिर से डेंटल कॉलेज तक एनएच-33 पर बन रहे ऊपरी पथ (फ्लाईओवर) के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारी और अभियंता भी मौजूद रहे।
सरयू राय और उनकी टीम ने पारडीह से बालीगुमा तक चल रहे निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को मौके पर समझा।

नाले के ऊपर पीसीसी ढलाई का दिया निर्देश
संकीर्ण रैंप और भारी वाहनों की आवाजाही बनी बड़ी समस्या
निरीक्षण के दौरान विधायक सरयू राय ने बताया कि उन्हें मुख्य रूप से तीन गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
पहली, निर्माण कार्य के कारण अत्यधिक धूल उड़ रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है।
दूसरी, सड़क के एक पार से दूसरी पार जाने के लिए क्रास रोड की कमी है।
तीसरी, कोलकाता और रांची की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बनाए गए रैंप जहां शहर में उतरते हैं, वहां अत्यधिक संकरापन उत्पन्न हो गया है।
सरयू राय ने विशेष रूप से बताया कि तीन स्थानों —
पारडीह चौक के पास
डिमना चौक से पहले
डिमना चौक के बाद
रैंप के कारण रास्ता संकीर्ण हो गया है और बीच में नाला होने से भारी वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है।
उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां तक रैंप के किनारे नाला मौजूद है, वहां नाले पर रखे ढक्कनों के स्थान पर मजबूत पीसीसी (Plain Cement Concrete) की ढलाई कराई जाए, ताकि भारी वाहन आसानी से आ-जा सकें। अधिकारियों ने इस सुझाव पर सहमति जताई और आवश्यकता अनुसार कार्य कराने का आश्वासन दिया।
धूल नियंत्रण और यातायात सुविधा पर जोर
जेसीबी से धूल हटाने और गहरे पानी के छिड़काव का निर्देश
सरयू राय ने कहा कि जिन स्थानों पर मिट्टी पूरी तरह धूल में बदल चुकी है, वहां पानी का गहरा छिड़काव अनिवार्य रूप से किया जाए।
जहां धूल की मोटी परत जम गई है, वहां उसे जेसीबी मशीन से हटाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस पर एनएचएआई अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की सहमति दी।

जहां जरूरत हो वहां बनें क्रास रोड
बाहरी धूल रोकने के लिए टीना शीट लगाने का सुझाव
विधायक ने यह भी निर्देश दिया कि सड़क के इस पार से उस पार जाने के लिए जहां भी क्रास रोड की आवश्यकता है, वहां तुरंत क्रास रोड का निर्माण कराया जाए।
साथ ही, जिन स्थानों पर अंदरूनी निर्माण कार्य चल रहा है, वहां दोनों ओर दीवार की तरह टीना शीट लगाई जाए, ताकि बाहर धूल न फैले और यातायात प्रभावित न हो।
एनएचएआई अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे इन सभी सुझावों के अनुसार नया डिजाइन तैयार कर विधायक को दिखाएंगे।





