
कहा- रूपी सोरेन का स्नेह और व्यक्तित्व हमेशा स्मृतियों में रहेगा
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन के निधन पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
सरयू राय ने जारी शोक संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूजनीय माताजी रूपी सोरेन के निधन की सूचना बेहद मर्माहत करने वाली है। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ उन्हें स्नेह करने वाले लोगों को भी गहरा दुख पहुंचा है।
सफल और सार्थक जीवन को किया याद
सरयू राय ने कहा कि रूपी सोरेन ने एक सफल और सार्थक जीवन जिया। उन्होंने अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। साथ ही, उनके स्नेह और आत्मीय व्यवहार से जुड़ी स्मृतियां भी लोगों के बीच हमेशा बनी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि दिवंगत रूपी सोरेन का स्नेह, सरल व्यक्तित्व और मातृवत् व्यवहार लोगों की स्मृतियों में लंबे समय तक जीवित रहेगा।
शोकाकुल परिवार को धैर्य देने की प्रार्थना
सरयू राय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित समस्त परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने इस दुख की घड़ी में शोकाकुल सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।





