अड्डेबाजी, नशाखोरी और संगठित अपराध पर लगेगी लगाम, जनता को उम्मीद
जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना को अब नया नेतृत्व मिल गया है। पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार ने शनिवार, 7 सितंबर को नए थाना प्रभारी के रूप में योगदान दिया। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही क्षेत्रवासियों को अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी और नशे पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद जागी है।
जिम्मेदारियों की लंबी सूची, चुनौतियों का सामना तय
त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में चोरी, झपटमारी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण पवन कुमार की प्राथमिकता होगी।
इसके अलावा हाल ही में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जिसकी जांच व कार्रवाई भी उनके समक्ष एक बड़ी जिम्मेदारी होगी।
अड्डेबाजी और नशाखोरी पर जनता की पैनी नजर
स्थानीय मैदानों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर शाम ढलते ही होने वाली अड्डेबाजी, शराब और गांजा सेवन को लेकर लोगों में नाराजगी है। आमजन की मांग है कि ऐसे मामलों पर थाना प्रशासन द्वारा तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।
सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से हो रही मुलाकातें
पदभार संभालने के बाद से पवन कुमार लगातार स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रहे हैं।
रविवार को चंदन पांडे और नंदलाल सिंह सहित अन्य प्रमुख लोग उनसे मिलने पहुंचे और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सुझाव दिए।



