
मानगो नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की सुधा गुप्ता की ऐतिहासिक जीत
जमशेदपुर : मानगो में हुए नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर कांग्रेस उम्मीदवार श्रीमती सुधा गुप्ता ने भारी बहुमत से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उनकी इस विजय को स्थानीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है। उनकी जीत को संगठनात्मक मजबूती और जनसमर्थन का परिणाम माना जा रहा है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी और क्षेत्र के विकास के लिए उम्मीदें जताईं।
वरिष्ठ नेताओं ने किया अभिनंदन
जीत के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूर्व डीएसपी कमल किशोर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। वहीं टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री चंद्रभान सिंह ने भी सम्मानित करते हुए इसे जनता की जीत बताया।
इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश उपाध्याय और शांति समिति के सदस्य नंद लाल सिंह ने भी सुधा गुप्ता को फूलों का गुलदस्ता देकर अभिनंदन किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मानगो नगर निगम क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।






