बच्चों के लिए विधायक सरयू राय का महत्वपूर्ण कार्यक्रम
मनोज सिंह की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, तैयारियों पर चर्चा

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के निर्देशानुसार चतुर्थ बाल मेला 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता मेला संयोजक मनोज सिंह ने की।
बैठक में 14 नवंबर से 20 नवंबर तक चलने वाले बाल मेले के कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री सिंह ने सभी विभागों के पदाधिकारियों से क्रमवार रिपोर्ट ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भोजन, जल, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
बैठक में भोजन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष रूप से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि मेले के प्रत्येक विभाग के अध्यक्ष को पर्याप्त संख्या में सहयोगी दिए जाएंगे, ताकि कार्य समय पर और गरिमामय तरीके से संपन्न हो सके।
खेल, नृत्य, क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं पर हुई चर्चा
बैठक में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, नृत्य, क्विज़ और दौड़ जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही यह निर्णय हुआ कि निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चे अपने घर से हार्ड कॉपी लेकर आएंगे।
मेला आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों को इस संबंध में सूचना देने की जिम्मेदारी ली है। कुछ कार्यक्रम पास के विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
14 नवंबर को होगा उद्घाटन, 19 को कवि सम्मेलन
गौरतलब है कि मेले का उद्घाटन 14 नवंबर की संध्या 4 बजे होगा, जबकि समापन 20 नवंबर की शाम 7:30 बजे किया जाएगा।
15 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से मेला प्रारंभ होगा।
विशेष आकर्षण के रूप में 19 नवंबर की संध्या 5 बजे कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कवियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्य
इस बैठक में आशुतोष राय, मंजू सिंह, एस.पी. सिंह, सुधीर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, सुखदेव सिंह, आदित्य मुखर्जी, नारायण नायडू, गोपाल कुमार, प्रणब नाहा, पुष्पलता कुमारी, गौरव, पिंटू सिंह, संतोष भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



