स्वर्णरेखा घाट पर हुआ भावुक माहौल में मां दुर्गा का विसर्जन
Jamshepur : शुक्रवार, 3 अक्टूबर 2025 को ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब, काशीडीह, जमशेदपुर की ओर से मां दुर्गा का भव्य विसर्जन स्वर्णरेखा घाट पर पूरे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया गया। विसर्जन कार्यक्रम दोपहर 1 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
ढोल, नगाड़े और जयकारों के साथ श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते हुए मां को विदाई देने घाट की ओर रवाना हुए। विसर्जन के दौरान भक्तों की आंखें नम थीं, लेकिन मां की विदाई को लेकर श्रद्धा और उत्साह भी देखते ही बनता था।

विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ किया अनुष्ठान
स्वर्णरेखा घाट पर विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पारंपरिक रीति-रिवाजों और सुरक्षा व्यवस्था के बीच विसर्जन का पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से सम्पन्न हुआ।

प्रशासन से मिली पहली बार लिखित अनुमति, समिति ने जताया आभार
ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब के संरक्षक अभय सिंह ने इस वर्ष पहली बार जिला प्रशासन द्वारा विसर्जन हेतु दी गई लिखित अनुमति को एक सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे कार्यक्रम को और भी व्यवस्थित रूप से संचालित करने में सहायता मिली।

बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए प्रशासन को बधाई
इस वर्ष विसर्जन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा लागू की गई ट्रैफिक व्यवस्था की जमकर सराहना हुई। विशेष रूप से काशीडीह सहित अन्य पूजा समितियों को भी इससे बड़ी राहत मिली। विसर्जन मार्गों पर किसी प्रकार की कोई रुकावट या अव्यवस्था नहीं देखी गई। क्लब के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को इस सफल आयोजन के लिए बधाई और धन्यवाद दिया।



