
आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और लड्डू वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

जमशेदपुर : जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में पार्टी की प्रचंड जीत पर जोरदार जश्न मनाया। सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में साकची स्थित जिला कार्यालय में हजारों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और ढोल-नगाड़ों की गूंज पर जमकर नृत्य किया।
जय श्री राम के गगनभेदी नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, एक-दूसरे को लड्डू खिलाए और जीत की खुशियां साझा कीं। खास बात यह रही कि इस उत्सव में महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक नाश्ता झालमुड़ी तैयार कर एक-दूसरे को खिलाया।
भाजपा नेतृत्व को दिया जीत का श्रेय, मतदाताओं का जताया आभार
इस अवसर पर संजीव सिन्हा ने तीनों राज्यों के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा को यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता लंबे समय से कुशासन से परेशान थी और इस चुनाव में उन्होंने बदलाव के पक्ष में मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया है। साथ ही, उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जनसमर्थन मिलने को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति पर जनता की मुहर
प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने भी भाजपा की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास की राजनीति पर जनता की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने कहा कि देश अब तुष्टिकरण की राजनीति को नकारकर स्थिरता और निर्णायक नेतृत्व को प्राथमिकता दे रहा है।
उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व को दिया, वहीं पुडुचेरी में पार्टी को मिले जनसमर्थन को विकास के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस भव्य विजयोत्सव में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, योगेश मल्होत्रा, राजन सिंह, जटाशंकर पांडेय, राजेश शुक्ला, डॉ. राजीव, नीरज सिंह, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, कुसुम पूर्ति, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रीना चौधरी, कृष्णा शर्मा काली, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, अखिल सिंह, ज्ञान प्रकाश, अमित सिंह, किशोर ओझा, उज्ज्वल सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, मंजीत सिंह, नीतीश कुशवाहा, नीलु मछुआ, रमेश बास्के सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।





