रॉयल भूमिहार परिवार ने नामदा बस्ती कार्यालय में आयोजित किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम

जमशेदपुर : रॉयल भूमिहार फैमिली जमशेदपुर की ओर से अमर शहीद बैकुंठ शुक्ला का शहादत दिवस श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नामदा बस्ती स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लेकर शहीद बैकुंठ शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का आयोजन पवन सिंह के नेतृत्व में किया गया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी नित्यानंद सिंह ने निभाई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शहीद बैकुंठ शुक्ला के राष्ट्रसेवा, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने शहीद बैकुंठ शुक्ला के जीवन और बलिदान को किया याद
मुख्य वक्ता राजेश कुमार ने अपने संबोधन में शहीद बैकुंठ शुक्ला के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बैकुंठ शुक्ला ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं अजय सिन्हा ने शहीद बैकुंठ शुक्ला की शहादत से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से बताते हुए कहा कि देशभक्ति और राष्ट्रहित उनके जीवन का मूल उद्देश्य था।
देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में अजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद बैकुंठ शुक्ला के आदर्शों पर चलने और समाज में एकता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पिंटू सिंह, रविंद्र कुमार तिवारी, राजेश चौधरी, राकेश कुमार सिंह, अशोक शर्मा, शशि शेखर, सुभाष राय समेत रॉयल भूमिहार परिवार के कई सदस्य एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




