1993 बैच के IAS हैं अविनाश कुमार, झारखंड को मिला नया मुख्य सचिव
जमशेदपुर: राज्य सरकार ने मंगलवार को एक अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ IAS अधिकारी अविनाश कुमार को झारखंड का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है।
अविनाश कुमार 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं और झारखंड के 26वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
वर्तमान में संभाल रहे थे कई अहम जिम्मेदारियाँ
अविनाश कुमार इस समय मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव (ACS to CM) के तौर पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे झारखंड सरकार के ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, झारखंड ऊर्जा विकास निगम, प्रबंध निदेशक, झारखंड बिजली वितरण निगम, और मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन, नई दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण पदों का दायित्व भी संभाल रहे हैं।
अब तक की प्रशासनिक पृष्ठभूमि
अपने कार्यकाल में अविनाश कुमार ने प्रशासनिक क्षेत्र में कई महत्त्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। उनकी गिनती अनुभवी और कुशल प्रशासनिक अधिकारियों में होती है। उन्होंने राज्य में विकास योजनाओं से लेकर ऊर्जा क्षेत्र तक में नीतिगत और रणनीतिक नेतृत्व प्रदान किया है।
सरकार ने जारी किया आदेश
कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अविनाश कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी भी दी गई है। आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि वे अगले आदेश तक अपने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन, नई दिल्ली के अतिरिक्त प्रभार को भी निभाते रहेंगे।



