
1.42 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

जमशेदपुर : पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक पुर्णिमा साहूने बुधवार को बागुनहातु स्थित आउटर रोड में अत्याधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
करीब 1 करोड़ 42 लाख 99 हजार 848 रुपये की लागत से बनने वाला यह स्वास्थ्य केंद्र 15वें वित्त आयोग (स्वास्थ्य प्रक्षेत्र) मद से तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वस्थ जमशेदपुर के संकल्प को साकार करने की पहल
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को उनके घर के पास बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनका मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि बागुनहातु और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब गंभीर परिस्थितियों में दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा।
स्वास्थ्य केंद्र में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निर्माणाधीन इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की सुविधा के लिए आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसमें 10 बेड का इमरजेंसी वार्ड, डॉक्टर चैंबर, प्रतीक्षालय, पैथोलॉजी लैब, मेडिसिन रूम, पुरुष एवं महिला वार्ड, लेबर रूम, इंजेक्शन रूम, फार्मेसी रूम, नर्स रूम और स्टोर रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
क्षेत्र में कई जनहितकारी योजनाएं होंगी शुरू
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि आने वाले दिनों में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में कई अन्य जनहितकारी योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, भाजपा नेता मिथिलेश सिंह यादव, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, अप्पा राव, टुनटुन सिंह, कुमार अभिषेक, पप्पू उपाध्याय, रंजीत सिंह, रितेश झा, बापन बनर्जी, युवराज सिंह, विकास शर्मा, कंचन दत्ता, मीरा झा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




