
जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में ईंधन की किल्लत ने बढ़ाई आम जनता की परेशानी
जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में हुई बाधा ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को जमशेदपुर समेत पूरे क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। बाइक, कार, बस और भारी वाहनों के चालक ईंधन के लिए पंपों पर लंबी लाइन में खड़े नजर आए।
कई पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जबकि कुछ पंपों ने अस्थायी रूप से पूरी तरह से ईंधन बिक्री बंद कर दी। वहीं, कुछ पंपों पर केवल पेट्रोल उपलब्ध था और कई जगह केवल डीजल मिल रहा है।

पंप संचालकों ने तय की ईंधन की सीमा
हालात को नियंत्रित करने के लिए पंप संचालकों ने ईंधन वितरण पर सीमा तय कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, दोपहिया वाहनों को केवल 200 रुपये तक और चारपहिया वाहनों को 2000 रुपये तक ईंधन ही दिया जा रहा है।
जमशेदपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन की रिपोर्ट
जमशेदपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अनुसार, कोल्हान क्षेत्र में कुल 300 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से लगभग 60 पंप बंद हो चुके हैं। जमशेदपुर के 36 पंपों में से 15 से अधिक पंपों पर बिक्री पूरी तरह ठप है। भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कई आउटलेट सबसे अधिक प्रभावित हैं।

अन्य क्षेत्र में भी संकट का असर
ईंधन संकट का असर सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम तक पहुंच गया है। चाईबासा और आसपास के इलाकों में भी कई पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी देखने को मिल रही है। पंप संचालक मानते हैं कि डिपो से नियमित आपूर्ति शुरू होते ही स्थिति सामान्य हो सकती है, लेकिन फिलहाल पूरे क्षेत्र में आम लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रूस से भी तेल खरीदना बंद कर देश को संकट में ढकेला : आनंद बिहारी दुबे
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने पेट्रोल डीजल की समस्या पर कहा है कि अडानी को बचाने के चक्कर में सरकार सरेंडर हो गई और रूस से तेल खरीदना बंद कर देश को इस संकट में आज ढकेल दिया है। उन्होंने कहा है कि बड़ी बड़ी रैली करने के बाद आज जनता को प्रधानमंत्री उपदेश और सलाह दे रहे है जिसे आम जनता बखूबी समझ रही है।




