
ठंड से राहत के लिए नगर निगम सक्रिय, छह प्रमुख स्थानों पर जलाए गए अलाव
जमशेदपुर : शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मानगो नगर निगम ने आम नागरिकों को राहत देना शुरू कर दिया है। उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार के निर्देश पर निगम की टीम ने छह स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की।
अलाव मानगो चौक, डिमना चौक, पारडीह, आजादनगर थाना के पास, हीरा होटल के पास और एमजीएम अस्पताल के समीप जलाए गए।
नगर निगम ने बताया कि अन्य चौक-चौराहों पर भी कल से अलाव जलाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

राहगीरों और जरूरतमंदों को मिली ठंड से राहत
अलाव व्यवस्था से उन लोगों को राहत मिली है जो देर रात या सुबह के समय बाहर निकलते हैं। निगम का कहना है कि ठंड तेजी से बढ़ने के कारण अप्रिय घटनाओं को रोकने और लोगों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
चौक-चौराहों पर प्रतिदिन नियमित रूप से अलाव जलाने की व्यवस्था जारी रहेगी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
अलाव जलाने की प्रक्रिया के दौरान माननीय विधायक प्रतिनिधि, विभिन्न गणमान्य व्यक्ति, नगर निगम के अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे। टीम ने सुनिश्चित किया कि अलाव सुरक्षित स्थानों पर जलाए जाएं और लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।




