दुबई में छिपा है कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान, डॉक्टरों-व्यवसायियों से कर रहा है रंगदारी की मांग
सरयू राय का मुख्यमंत्री को पत्र: “प्रत्यर्पण प्रक्रिया में तेजी लाएं”
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक श्री सरयू राय ने झारखंड सरकार के मुख्य (गृह एवं कारा) मंत्री को पत्र लिखकर कुख्यात गैंगस्टर मोहम्मद हैदर अली उर्फ प्रिंस खान के प्रत्यर्पण (extradition) के मामले में भारत सरकार से तुरंत कार्रवाई कराने की मांग की है।
विधायक ने कहा कि प्रिंस खान फिलहाल दुबई (UAE) में छिपा हुआ है और वहीं से झारखंड के विभिन्न शहरों में डॉक्टरों, व्यवसायियों और प्रतिष्ठानों से करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है।
दो साल बाद भी नहीं पूरी हुई प्रत्यर्पण प्रक्रिया
सरयू राय ने पत्र में जानकारी दी कि झारखंड सरकार ने 09 अक्तूबर 2023 को पत्रांक 5576 के तहत भारत सरकार को प्रत्यर्पण की सिफारिश भेजी थी। इस पर केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने भी एफ. नंबर 25015/60/2023-एलसी के तहत UAE से प्रत्यर्पण के निर्देश दिए थे।
लेकिन दो साल बाद भी कोई प्रगति नहीं हो सकी है।
जमशेदपुर, रांची और बोकारो तक फैला है गैंग का आतंक
विधायक सरयू राय ने पत्र में उल्लेख किया कि अब प्रिंस खान की गतिविधियां केवल धनबाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उसका गैंग जमशेदपुर, रांची, बोकारो तक फैल चुका है।
व्यवसायियों और चिकित्सकों से 2 से 5 करोड़ रुपये तक की रंगदारी मांगी जा रही है। रंगदारी न देने पर गुर्गे गोलीबारी कर डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं।
विधानसभा में पहले भी उठा चुके हैं मुद्दा
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने 2023 के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत सदन में उठाया था। सरकार ने जवाब देते हुए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और गैंगस्टर नेटवर्क को समाप्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।



