जमशेदपुर : शहर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत रेलवे लाल बिल्डिंग स्थित सब्जी बाजार के पास देर रात करीब 1:30 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 6 से 7 दुकानों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जबकि दो से तीन अन्य दुकानें भी इसकी लपटों से प्रभावित हुईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दुकानों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
तीन दमकल गाड़ियों की मदद से पाया गया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन फायर ब्रिगेड गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 10 से 12 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

विधायक संजीव सरदार मौके पर पहुँचे, पीड़ितों को दिया सहायता का आश्वासन
घटना की जानकारी पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार को दी।
विधायक सरदार सुबह घटनास्थल पर पहुँचे और पीड़ित दुकानदारों से मिलकर उनका हालचाल जाना।
उन्होंने कहा,
“सरकार की ओर से हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी। पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।”
जली हुई दुकानों की सूची
आग की चपेट में आकर निम्न दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं:
- कृष्णा – साइकिल रिपेयरिंग
- अंजलि – अंडा दुकान
- गोपाल – खाना बनाने की दुकान
- राजेश प्रसाद – मां भवानी सीसा दुकान
- जितेंद्र – आलू-प्याज दुकान
- हसन – गाड़ी पंचर दुकान
- राजेश – होटल (खाना बनाने वाला)
- मनोज – भुंजा दुकान
- अखिलेश वर्मा – मोटरसाइकिल गैरेज
- महेश – डीसी तार दुकान
पूर्व जिला पार्षद ने उठाई मुआवजे की मांग
पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने जमशेदपुर अंचल अधिकारी मनोज कुमार से मिलकर पीड़ित दुकानदारों को सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है।



