जमशेदपुर : महाराष्ट्र की रहने वाली एक युवती से जमशेदपुर में लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना में शामिल टेम्पो चालक समेत दो आरोपियों को सुंदरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

क्या है मामला?
सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी युवती 19 सितंबर को अपने प्रेमी शुभांकर रावत से मिलने जमशेदपुर आई थी। टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों ने मानगो जाने के लिए एक टेम्पो पकड़ा। लेकिन टेम्पो चालक ने दो अन्य साथियों को भी गाड़ी में बिठा लिया। टेम्पो मानगो की बजाय भूरिडीह फाटक (सुंदरनगर थाना क्षेत्र) की ओर मुड़ गया। वहां पहुंचकर तीनों ने युवती और उसके प्रेमी से बैग, पर्स, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली।शुभांकर रावत के साथ मारपीट भी की गई। इस घटना से घबराए प्रेमी-प्रेमिका ने 20 सितंबर को सुंदरनगर थाना में मामला दर्ज कराया।

पुलिस की कार्रवाई : दो गिरफ्तार, एक फरार
सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। टेक्निकल इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर:
टेम्पो चालक सचिन महतो
उसका साथी सोहन गोप को गिरफ्तार किया गया है।
तीसरा आरोपी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा और पूरा लूटा हुआ सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।



