हाता: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर तारा पब्लिक स्कूल, हरिवंश नगर हाता में देशभक्ति से ओतप्रोत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के प्राचार्य कमलेश मिश्रा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात सभी ने मिलकर गर्व के साथ राष्ट्रगान गाया और देश के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
प्रभात फेरी और देशभक्ति नारों से गूंजा क्षेत्र
विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “महात्मा गांधी अमर रहें” जैसे नारे लगाकर क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया गया। प्रभात फेरी के दौरान छात्रों ने विशेष झांकी प्रस्तुत की, जो आकर्षण का केंद्र रही।
सुमी मंडल ने भारत माता का रूप धारण किया,
अरुण हांसदा बने महात्मा गांधी,
और धनंजय गोप ने भगवान बिरसा मुंडा का किरदार निभाया।
इन झांकियों ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों की याद दिलाकर देशप्रेम की भावना को और अधिक सशक्त किया
राष्ट्रभक्ति से भरपूर रहा स्कूल परिसर
इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर पूनम लाल, सलाहकार डॉ. अरविंद कुमार लाल सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं और देशभक्ति गीतों के साथ समारोह का समापन हुआ।



