jamshedpur : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के पावन अवसर पर छोटा गोविंदपुर स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में रविवार को एक अनोखी और रोचक लठमार मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि इस बार यह आयोजन केवल महिलाओं और किशोरियों के लिए रखा गया, जिसमें 16 वर्ष से अधिक उम्र की 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
महिलाओं की भागीदारी ने रच दिया नया इतिहास
कृष्णा बॉयज समिति द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने पारंपरिक परंपराओं में नवाचार का समावेश करते हुए महिलाओं को मंच प्रदान किया। लठमार मटकी फोड़ की शैली में आंखें बंद कर मटकी फोड़नी होती है। परंतु इस बार प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परंपरागत पट्टी के स्थान पर हेलमेट का प्रयोग किया गया, जिसकी सभी ने भूरि-भूरि सराहना की।
शिल्पी प्रथम और साक्षी दूसरे स्थान पर रही
प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शिल्पी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों विजेताओं को समिति द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में पूर्व जिला परिषद सदस्य श्रीमती सुनीता साह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं की इस सक्रिय भागीदारी की सराहना की और आयोजन को प्रेरणादायी बताया।
पुरुषों की बारी 21 अगस्त को इनाम 11 हजार
आयोजन समिति के संयोजकों ने जानकारी दी कि 21 अगस्त को पुरुष वर्ग के लिए कन्हैया ग्रुप की 10 प्रमुख टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹11,000 की इनामी राशि प्रदान की जाएगी। मेला 22 अगस्त तक चलेगा।



