Palamu/Satbarwa : झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित बकोरिया गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने पति की हत्या की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय पूजा देवी ने पहले अपने पति संतोष राम को लाठी से पीट-पीटकर बेहोश किया, फिर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। हालांकि परिजनों की सतर्कता से संतोष की जान बच गई।
पत्नी का अचानक हमला, फिर फांसी के फंदे पर टांगा
घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। पीड़ित संतोष राम, जो एक सामान्य ग्रामीण निवासी हैं, ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि गुरुवार की रात जब वह काम से लौटे और कमरे में घुसे, तभी उनकी पत्नी पूजा ने बिना किसी पूर्व चेतावनी के लाठी से हमला कर दिया। पिटाई के कारण वह बेहोश हो गए और इसी दौरान पूजा ने उन्हें फांसी से लटका दिया। कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे, तो संतोष को बेहोशी की हालत में फंदे से लटका पाया। उन्होंने तुरंत उन्हें नीचे उतारा और नवजीवन अस्पताल, तुंबागड़ा में भर्ती कराया।
आरोपी पत्नी गिरफ्तार, भेजी गई जेल
थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी पूजा देवी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पति-पत्नी के रिश्तों में पहले से था तनाव
पुलिस के मुताबिक, पूजा और संतोष की शादी वर्ष 2013 में हुई थी, और उनके 11 साल की एक बेटी व 9 साल का बेटा है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत कई बार पंचायत स्तर पर भी की गई थी। पूजा का मायका रांची में है और वह पहले भी दो बार ससुराल छोड़कर जा चुकी है। पुलिस को यह भी संदेह है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है। जांच टीम अब इस एंगल से भी छानबीन कर रही है।
पीड़ित की हालत गंभीर, जांच जारी
संतोष राम की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने बताया कि इस घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि सच पूरी तरह सामने आ सके।
गौरतलब है कि घरेलू हिंसा और पारिवारिक तनाव किस हद तक घातक रूप ले सकता है, इसकी बानगी इस घटना से सामने आई है। इस मामले ने एक बार फिर वैवाहिक रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और आक्रोश को उजागर किया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



