Jamshedpur : छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के छात्रों ने समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए शुक्रवार को एक सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली। यह रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर अन्ना चौक तक निकाली गई, जिसमें छात्रों ने ट्रैफिक नियमों के पालन और हेलमेट पहनने के लिए राहगीरों एवं वाहन चालकों को प्रेरित किया।
रैली में छात्रों ने लगाए सड़क सुरक्षा के नारे
इस रैली का नेतृत्व विद्यालय की शिक्षिका ज्योति ने किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सेफ्टी माह के समापन पर किया गया, ताकि आमजन को ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके। बच्चे रास्ते भर “सेफ ड्राइव, सेव लाइफ”, “हेलमेट है जरूरी”, “स्पीड नहीं, सेफ्टी ज़रूरी” जैसे नारों से लोगों को प्रेरित करते नज़र आए।
वाहन चालकों को किया जागरूक
रैली के दौरान छात्रों ने राह चलते वाहन चालकों को रोका और हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तथा सड़क नियमों का पालन करने की अपील की। छात्रों की यह पहल न केवल स्थानीय लोगों को पसंद आई बल्कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने में भी कारगर सिद्ध हुई। राहगीरों ने भी इस मुहिम की सराहना करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया।
शिक्षकों व छात्रों का सराहनीय प्रयास
विद्यालय की ओर से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित जीवन के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन अनिवार्य है। इस तरह के प्रयासों से न केवल बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा होती है, बल्कि पूरे समाज को भी लाभ होता है।



