
मानगो के न्यू सुभाष कॉलोनी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ स्वास्थ्य शिविर
जमशेदपुर। सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध उमा शंकर फाउंडेशन द्वारा रविवार, 11 जनवरी 2026 को मानगो के संजय पथ, न्यू सुभाष कॉलोनी, डिमना रोड में एक निशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह के सौजन्य से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने लाभ उठाया।
मुख्य अतिथि सुनील गुप्ता ने किया शिविर का उद्घाटन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुनील गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना एक पुनीत कार्य है और उमा शंकर फाउंडेशन इस दिशा में सराहनीय भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा,
“यह शिविर उमा शंकर फाउंडेशन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। हमें गर्व है कि हम समाजसेवा से जुड़े ऐसे आयोजनों का हिस्सा बन पा रहे हैं।”


एनजीओ के सक्रिय सदस्यों का रहा अहम योगदान
इस निशुल्क नेत्र जांच शिविर को सफल बनाने में फाउंडेशन से जुड़े एनजीओ के सक्रिय सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजन में सहयोग देने वालों में
जितेंद्र सिंह (भोलू), भानु प्रकाश गुप्ता, विवेक सिंह (गोलू), बिट्टू केशरी, पंकज सिंह, दीपक गुप्ता, निशी सिंह और गुंजन सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सभी सदस्यों ने व्यवस्थाओं से लेकर लोगों को जागरूक करने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तिरुवनंतपुरम आई हॉस्पिटल की टीम ने दी सेवाएं
चिकित्सा सेवाओं की जिम्मेदारी मनीष राज और उनकी टीम ने संभाली, जिन्होंने तिरुवनंतपुरम आई हॉस्पिटल के सहयोग से नेत्र परीक्षण किया। आधुनिक उपकरणों के माध्यम से लोगों की आंखों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
112 लोगों की जांच, 40 को मिलेगा निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
इस शिविर में कुल 112 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 40 मरीजों को मोतियाबिंद से पीड़ित पाया गया, जिन्हें चिन्हित कर निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया है। यह ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा।




