Jamshedpur : टेल्को स्थित शिक्षा निकेतन स्कूल परिसर में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे सामूहिक प्रार्थना से हुई, जिसके उपरांत विद्यालय की प्राचार्या सुमिता डे एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, संगीत और नाट्य कला प्रमुख रूप से शामिल थे। छात्रों की प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया।
प्राचार्या सुमिता डे ने शिक्षक की भूमिका को बताया प्रेरणादायक
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सुमिता डे ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षक केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज निर्माण की नींव हैं।” उन्होंने छात्रों से शिक्षक के प्रति आदरभाव बनाए रखने और जीवन में अनुशासन को अपनाने का संदेश दिया।
आकर्षण का केंद्र रहा 90 के नायक नायिकाओं की वेश भूषा
कार्यक्रम में एक विशेष आकर्षण रहा जब शिक्षक-शिक्षिकाओं ने 90 के दशक के प्रसिद्ध नायक-नायिकाओं के वेशभूषा में मंच पर उपस्थित होकर सभी को आनंदित किया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के कप्तान श्रेयांश मिश्रा एवं उप-कप्तान अंकिता कुमारी के नेतृत्व में किया गया।



