मामला जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा जारी रहने का
ट्रेन बंद नहीं होगी, सिख समाज को मिला आश्वासन

जमशेदपुर : जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस को बंद नहीं किया जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार सिख समुदाय के हितों के खिलाफ कोई निर्णय नहीं लेगी।
भाजपा के युवा सिख नेता सतबीर सिंह सोमू ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर रेल मंत्री से दिल्ली और जमशेदपुर दोनों जगह मुलाकात की थी, जहां उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि ट्रेन सेवा पूर्ववत जारी रहेगी।
सांसद विद्युत वरण महतो भी सक्रिय
सोमू ने बताया कि चक्रधरपुर रेल प्रशासन की ओर से ट्रेन बंद किए जाने की खबर मिलने के बाद उन्होंने कई बार सांसद विद्युत वरण महतो से मिलकर मामले की गंभीरता बताई। सांसद ने उन्हें आश्वस्त किया कि यह ट्रेन पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बंद नहीं होगी।
सांसद महतो ने कहा कि यह ट्रेन समाज के हर वर्ग के लोगों की यात्रा का माध्यम है और जब तक वे सांसद हैं, इस सेवा को बंद नहीं होने देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह मामले को तुरंत रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के समक्ष रखेंगे।
नगर कीर्तन के दौरान उठा मुद्दा
बुधवार को आयोजित नगर कीर्तन के दौरान भी सतबीर सिंह सोमू ने इस विषय को दोबारा उठाया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के नवजोत सिंह सोहल, तरविंदर भाटिया, अमरदीप भाटिया सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सभी ने एकमत होकर कहा कि यह ट्रेन धार्मिक एकता का प्रतीक है और इसे हर हाल में चलना चाहिए।
ट्रेन धार्मिक एकता का प्रतीक : सोमू
सतबीर सिंह सोमू ने कहा कि इस ट्रेन से लोग अयोध्या, ऋषिकेश, बरेली और अमृतसर की यात्रा करते हैं। यह ट्रेन न केवल सिख समुदाय बल्कि देशभर के यात्रियों के लिए आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा —
“हर नागरिक के पास हवाई यात्रा की क्षमता नहीं होती। ट्रेन आम लोगों का साधन है और इसे बंद करना जनविरोधी निर्णय होगा।”



