जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआईएसएल (Tata Steel Utilities and Infrastructure Services Limited) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 671 पात्र कर्मचारियों को कुल ₹6.676 करोड़ रुपये का वार्षिक बोनस देने की घोषणा की है।
इस संबंध में शनिवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के बीच द्विपक्षीय समझौता संपन्न हुआ।
समझौते पर शीर्ष नेतृत्व की मुहर
यह समझौता कंपनी के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा और यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। मौके पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और यूनियन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बोनस निर्धारण के लिए अपनाए गए ये मानक
कंपनी ने स्पष्ट किया कि बोनस का निर्धारण कंपनी के प्रदर्शन आधारित मानकों पर किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
टैक्स से पहले का लाभ (Profit Before Tax – PBT)
सुरक्षा प्रदर्शन (Safety Performance)
ग्राहक संतुष्टि
शिकायत निवारण की गुणवत्ता
बिजली ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन लॉस
बिना बिल वाले पानी की स्थिति
बार-बार आने वाली शिकायतों की संख्या
कर्मचारियों की उत्पादकता
इन सभी कारकों के आधार पर बोनस की राशि निर्धारित की गई है।
पहले से तय राशि से अधिक मिला बोनस
कंपनी ने बताया कि पहले से तय बोनस चार्ट के अनुसार इस साल ₹6.27 करोड़ का भुगतान होना था, लेकिन कर्मचारियों की डिजिटल पहलों, स्वच्छ सर्वेक्षण में भागीदारी और लागत में कटौती के प्रयासों को देखते हुए बोनस राशि को बढ़ाकर ₹6.676 करोड़ कर दिया गया।



