
रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
जमशेदपुर : देश की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की स्टील निर्माता कंपनी टाटा स्टील की ओर से गुरुवार को नए साल के अवसर पर केक काटकर नववर्ष 2026 का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। यह भव्य कार्यक्रम रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में आयोजित हुआ, जिसमें टाटा स्टील प्रबंधन, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) एवं CEO श्री टीवी नरेन्द्रन, वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) श्री डी.बी. सुंदरारामम, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष श्री टुन्नू चौधरी, जुस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष श्री रघुनाथ पांडे, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष, सहित टाटा स्टील के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

नई चुनौतियों के लिए टाटा प्रबंधन पूरी तरह तैयार
अपने संबोधन में टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों ने जमशेदपुर वासियों और कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 नई चुनौतियों और नई संभावनाओं का वर्ष होगा, जिसके लिए टाटा स्टील प्रबंधन पूरी तरह से तैयार है।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में उद्योग जगत में आने वाली चुनौतियों का सामना संगठित प्रयास, नवाचार और कर्मचारियों के सहयोग से किया जाएगा। टाटा प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित उत्पादन और विकास लक्ष्यों को सभी के सहयोग से समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा।

केक काटकर एक-दूसरे को दी नववर्ष की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और पदाधिकारियों ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह और सामूहिक प्रतिबद्धता का माहौल देखने को मिला।




