
डॉ. एन. चंद्रशेखरन ने विद्युत सज्जा का किया उद्घाटन, 3 मार्च को मुख्य समारोह

जमशेदपुर : औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में टाटा समूह के संस्थापक दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत हो गई है। सोमवार को टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने ऐतिहासिक जुबिली पार्क से विद्युत सज्जा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा और संस्थापक दिवस के उत्सव की शुरुआत हो गई।
टाटा समूह का मुख्य समारोह 3 मार्च को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। विद्युत सज्जा के उद्घाटन के बाद जुबिली पार्क और आसपास के इलाकों में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था ने शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

झारखंड में बड़े निवेश की तैयारी
मीडिया से बातचीत में एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा समूह झारखंड के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री के साथ हुए समझौते के तहत आने वाले समय में झारखंड में बड़े निवेश की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

शहरवासियों को दी शुभकामनाएं
चेयरमैन ने जमशेदपुर और झारखंडवासियों को संस्थापक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे परिवार सहित विद्युत सज्जा का आनंद लें और इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।
इस अवसर पर टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।






