
कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में शाम 5 बजे से सजेगी काव्य की महफिल
जमशेदपुर : नगर की सुप्रसिद्ध साहित्यिक संस्था ‘सुरभि’ के तत्वावधान में 28 फरवरी, शनिवार को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम (नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल परिसर) में संध्या 5:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आयोजित होगा।
इस कवि सम्मेलन में देश के चर्चित हास्य-व्यंग्य, ओज और श्रृंगार विधा के प्रतिष्ठित कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे अर्जुन मुंडा
‘सुरभि’ के अध्यक्ष गोविन्द दोदराजका (अग्रवाल) ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। उनके आगमन से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।
विशेष आकर्षण होंगे गीतकार संतोष आनंद
संस्थापक अध्यक्ष गोविन्द दोदराजका ने बताया कि इस बार के कवि सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण देश के सुप्रसिद्ध गीतकार संतोष आनंद होंगे। वे कई बार सर्वश्रेष्ठ गीतकार के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं।
उन्होंने ‘इक प्यार का नगमा है’ जैसे कालजयी गीत रचे हैं, जो आज भी लोगों की जुबां पर हैं। उन्होंने ‘शोर’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘प्रेम रोग’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘क्रांति’ और ‘प्यासा सावन’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए गीत लिखे हैं।
देशभर के नामचीन कवियों की प्रस्तुति
कवि सम्मेलन में डॉ. आदित्य जैन (कोटा, राजस्थान – ‘लपेटे में नेताजी’ फेम), मुन्ना बैटरी (मंदसौर, मध्य प्रदेश), हिमांशु बवंडर (उज्जैन), चेतन चर्चित (इंदौर), श्रीमती शशि श्रेया (लखनऊ) एवं श्रद्धा शौर्य (नागपुर) सहित कई प्रतिष्ठित कवि-कवयित्री शिरकत करेंगे।
ये सभी अपनी चुटीली हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को हंसाएंगे और सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य जैन करेंगे।
25 वर्षों से होली पर भव्य परंपरा
उल्लेखनीय है कि ‘सुरभि’ पिछले 25 वर्षों से होली के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर के कवि सम्मेलनों का सफल और भव्य आयोजन करती आ रही है। शहर के साहित्य प्रेमियों को हर वर्ष इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार रहता है।
प्रवेश निःशुल्क, आमंत्रण पत्र अनिवार्य
कवि सम्मेलन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, किंतु आमंत्रण-पत्र के माध्यम से ही प्रवेश दिया जाएगा। आमंत्रण-पत्र के लिए ‘सुरभि’ कार्यालय, 3/6 एच.एस. टावर, एल रोड, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में संपर्क किया जा सकता है।





