जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित आरोपी मोहित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी एग्रिको इलाके का रहने वाला है, जबकि उसका मूल निवास बिहार के औरंगाबाद जिले में बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहित कुमार सिंह इससे पहले भी मई महीने में आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन थाना से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आरोपी के फरार होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह लंबे समय तक गिरफ्त से बाहर रहा।

इसी दौरान आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी एक गंभीर मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई। इसी केस के सिलसिले में आरोपी कोर्ट में अर्जी दाखिल करने पहुंचा था। पुलिस को जैसे ही उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, पहले से सतर्क सिदगोड़ा थाना पुलिस ने कोर्ट परिसर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अंततः उसे न्यायालय परिसर से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।




