
श्रद्धा, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति के बीच उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आज भव्य दीपोत्सव व महाभंडारा
जमशेदपुर : सूर्य मंदिर समिति, सिदगोड़ा के तत्वावधान में आयोजित श्री शिवलिंग पुनर्स्थापना सह प्राण-प्रतिष्ठा एवं गरुड़ स्तंभ स्थापना महोत्सव भक्तिमय वातावरण में विधिवत संपन्न हो गया। प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत शिवालय में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।
वैदिक विधि से संपन्न हुए सभी अधिवास अनुष्ठान
शुक्रवार को अनुष्ठान की कड़ी में रात्रि शैयाधिवास के तहत विश्रामरत भगवान को विधिपूर्वक जागृत किया गया। निद्रा देवी का आह्वान कर प्रार्थना की गई कि वे भगवान को मोह-माया से मुक्त कर पुनः लोक-कल्याण हेतु मंदिर में विराजमान होने की प्रेरणा दें।
इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शिवलिंग एवं गरुड़ जी की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। यज्ञ की पूर्णाहुति और महाआरती के साथ मुख्य अनुष्ठान का समापन हुआ।
प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अंतर्गत अधिवास कर्म, जलाधिवास, गंधाधिवास, पुष्पाधिवास, धान्याधिवास, औषधिवास, फलाधिवास, नगर भ्रमण तथा यज्ञ पूर्णाहुति जैसे सभी धार्मिक अनुष्ठान शास्त्रोक्त विधि से संपन्न किए गए।

रघुवर दास ने किया यज्ञ-हवन, विश्व कल्याण की कामना
इस पावन अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने यज्ञ-हवन में भाग लेकर विश्व शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
यजमान के रूप में उमाशंकर दुबे सपत्नीक तथा प्रमोद मिश्रा सपत्नीक ने श्रद्धा-भाव से सभी अनुष्ठानों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

शनिवार को दीपोत्सव, सुंदरकांड पाठ और महाभंडारा
शनिवार को श्रीराम मंदिर स्थापना की छठी वर्षगांठ के अवसर पर प्रातःकाल विशेष पूजन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। संध्याकाल में भव्य दीपोत्सव, आकर्षक आतिशबाजी और महाभंडारे का आयोजन होगा।
सूर्य मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक उत्सव का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।





