
ब्रह्मानंद नारायण हॉस्पिटल व पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से हुआ आयोजन
जमशेदपुर : शीला मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को गोविंदपुर स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती क्लब में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर ब्रह्मानंद नारायण हॉस्पिटल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें गोविंदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से कुल 210 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई।


अनुभवी चिकित्सकों ने दी निःशुल्क सेवाएं
शिविर में ब्रह्मानंद नारायण हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम. एल. अली एवं डॉ. रामनरेश राय ने मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की। इसके साथ ही निःशुल्क ब्लड शुगर, न्यूरोपैथी जांच, ऑर्थोपेडिक परामर्श और दंत चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
पूर्णिमा नेत्रालय की ओर से आंखों की विस्तृत जांच की गई, जिसमें मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) परीक्षण भी शामिल रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने नेत्र जांच का लाभ उठाया।

जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलन कर किया उद्घाटन
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने किया। उनके साथ झारखंड इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, टिमकेन यूनियन के अध्यक्ष आस्तिक महतो, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह एवं लाफार्ज यूनियन के महासचिव विजय खां ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

पत्नी की याद में समाजसेवा की प्रेरक पहल
ज्ञात हो कि टिमकेन यूनियन के महासचिव एवं कांग्रेस नेता विजय यादव ने अपनी दिवंगत पत्नी शीला देवी की स्मृति में समाजसेवा के उद्देश्य से शीला मेमोरियल फाउंडेशन की स्थापना की है। फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
स्थानीय लोगों ने इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की।




