Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो में पेयजल संकट को लेकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (PHED) को दो माह का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुर्गा पूजा तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
रविवार को डिमना रोड, मानगो में आयोजित जनता दल (यूनाइटेड) की बैठक में सरयू राय ने कहा कि मानगो क्षेत्र में पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। शिकायतों के अनुसार, पाइपलाइनों में बालू और कचरा भर जाने से जलापूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी घरों तक पानी पहुंचे, इसके लिए PHED को दो महीने का समय दिया जा रहा है।
कचरा निस्तारण और स्ट्रीट लाइट पर भी सवाल
सरयू राय ने कहा कि नगर निगम कचरा निस्तारण के लिए उपयुक्त स्थान का चयन नहीं कर पा रहा है, जिससे शहर में कचरा उठाव सही तरीके से नहीं हो पा रहा। वहीं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब हैं और उनकी मरम्मत नहीं हो रही। उन्होंने नगर निगम को एक सप्ताह में कार्यप्रणाली सुधारने की मोहलत दी, अन्यथा नगर निगम घेराव की चेतावनी दी।
सोमवार को DC से मुलाकात
विधायक ने बताया कि सोमवार को वह पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करेंगे। उन्होंने पारडीह तालाब का मुद्दा भी उठाया, जहां तीन-चौथाई तक पानी भरने के बाद कार्य रोक दिया गया है।
बैठक में ये थे उपस्थित
बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, मस्तान सिंह, संतोष भगत, प्रवीण सिंह, और दीपू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।



