
भाजपा नेता अभय सिंह के आवासीय कार्यालय में फूल-मालाओं से हुआ जोरदार अभिनंदन
जमशेदपुर : ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के पहले लॉर्ड मेयर बनने का गौरव हासिल करने वाले जमशेदपुर के श्री समीर पांडे के सम्मान में शहर में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला। भाजपा नेता श्री अभय सिंह के आवासीय कार्यालय में समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया।

माता दुर्गा की पूजा-अर्चना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
सम्मान समारोह की शुरुआत आराध्य देवी माता दुर्गा के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके पश्चात अभय सिंह के आवासीय कार्यालय में भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप शॉल ओढ़ाकर समीर पांडे को सम्मानित किया गया।
“जमशेदपुर के लिए गर्व का क्षण” – अभय सिंह
इस अवसर पर भाजपा नेता अभय सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि—
“यह जमशेदपुर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि यहां जन्मा एक बेटा आज ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित पैरामाटा शहर का लॉर्ड मेयर बना है। इससे पहले भारतीय मूल का कोई व्यक्ति इस पद तक नहीं पहुंचा था। यह पूरे देश के लिए खुशी और गौरव का क्षण है।”
उन्होंने कहा कि समीर पांडे की यह उपलब्धि दुनिया भर में भारत और भारतीयों की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी बताया गर्व का विषय
अभय सिंह ने जानकारी दी कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी ऑस्ट्रेलिया के मंच पर समीर पांडे को बधाई देते हुए इसे गर्व का विषय बताया था। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री द्वारा परिचय कराए जाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दी थीं।

मोदी जी के कारण बढ़ा भारतीयों का सम्मान” – सुमित पांडे
इस मौके पर श्री सुमित पांडे ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा—
“आज दुनिया में भारतीयों को जो सम्मान और आदर मिल रहा है, उसका बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। जब से वे भारत के प्रधानमंत्री बने हैं, ऑस्ट्रेलिया का नजरिया भारत और भारतीयों के प्रति पूरी तरह बदल गया है। आज वहां के नागरिक भारतीयों को बेहद सम्मान की दृष्टि से देखते हैं।”
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे जमशेदपुर को बहुत मिस करते हैं और इस सम्मान के लिए अभय सिंह के प्रति आभार प्रकट किया।
अभय सिंह को ऑस्ट्रेलिया आने का निमंत्रण
कार्यक्रम के अंत में श्री सुमित पांडे ने अभय सिंह को ऑस्ट्रेलिया आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। समारोह में उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया।




