महाशिवरात्रि पर भक्तिमय माहौल, खुशवंत बने प्रथम
जमशेदपुर : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में रविवार को रुद्राष्टकम की सस्वर पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
प्रतियोगिता में खुशवंत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदित्य राज दूसरे और शिवांश लाल तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय ने सम्मानित किया।

विधायक सरयू राय ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
सम्मान समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों को अर्द्धनारीश्वर की तस्वीर, प्रशस्ति पत्र तथा 501 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। विधायक सरयू राय ने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में रुद्राष्टकम की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रुद्राष्टकम भगवान शिव की महिमा का अद्भुत स्तोत्र है। तुलसीदास के आराध्य भगवान श्रीराम थे और श्रीराम के आराध्य भगवान शिव। इस दृष्टि से रुद्राष्टकम ‘आराध्य के आराध्य’ की स्तुति है।
उन्होंने कहा कि रुद्राष्टकम में कुल आठ श्लोक हैं और प्रत्येक सनातनी को इसका नियमित पाठ करना चाहिए। यदि सभी श्लोकों का पाठ संभव न हो, तो एक या दो श्लोक का ही पाठ अवश्य करना चाहिए। यह सनातन धर्म की मजबूती और आध्यात्मिक उन्नति के लिए आवश्यक है।
आयोजन में कई कार्यकर्ताओं का रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष राय, साकेत गौतम, असीम पाठक, ब्रजेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, कुणाल कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार, अमित चौधरी और समरेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने मिलकर आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास भी साबित हुई।





